सगे चाचा ने भाई के बच्चों को जिंदा जलाया, दर्दनाक चीखों से दहला गांव इलाहाबाद मे दिल दहला देने वाली खौफनाक वारदात. - Tezznews24

Tezznews24

Marathi news portel

Blt add

Breaking

सोमवार, 9 अप्रैल 2018

सगे चाचा ने भाई के बच्चों को जिंदा जलाया, दर्दनाक चीखों से दहला गांव इलाहाबाद मे दिल दहला देने वाली खौफनाक वारदात.

सगे चाचा ने भाई के बच्चों को जिंदा जलाया, दर्दनाक चीखों से दहला गांव इलाहाबाद मे दिल दहला देने वाली खौफनाक वारदात.



शेख इस्माईल
वि.संवाददाता.
इलाहाबाद। यूपी के इलाहाबाद में एक दिल दहला देने वाली खौफनाक वारदात हुई है । यहां सगे चाचा ने अपने ही भतीजे व दो भतीजियों को जिंदा जला दिया है । घटना उस वक्त हुई जब बच्चे घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे और परिजन खेत में काम करने के लिए गए हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए आरोपी चाचा एक सूखे कुएं में कूद गया था, जहां से उसे कुछ घंटे बाद पकड़ लिया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत है जिसने भी घटना को सुना और घटनास्थल को देखा वह अंदर तक सिहर उठा। पुलिस भी सनकी चाचा के इस इस कारनामे को देखकर आश्चर्यचकित थी कि आखिर कोई मासूम बच्चों से ऐसी दुश्मनी कैसे निकाल सकता है?

रूह कंपाने वाला नजारा

बता दें कि घटना स्थल पर जो नजारा था वह कंपा देने वाला था। बिस्तर पर ही चारपाई समेत बच्चे बुरी तरह से जल गए थे, मौके पर ही एक बच्ची की मौत हो गई थी जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा। वही गंभीर हालत में भतीजा अस्पताल में भर्ती है। घटना के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हत्यारे चाचा को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है

क्या है घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार होलागढ़ थाना क्षेत्र के चांटी गांव निवासी रामपाल यादव के दो बेटे पृथ्वीपाल व अमरनाथ यादव के बीच जमीन के बंटवारे विवाद चला रहा था। कुछ दिनों पूर्व गाली-गलौज के बाद मामला बढ़ा तो अमरनाथ ने पृथ्वीपाल को धमकी दी थी वह उसका पूरा वंश खत्म कर देगा। भोर में जब पृथ्वीपाल पत्नी समेत खेत में काम करने चला गया तो घर के बरामदे मे सो रहे बच्चों पर बेरहम चाचा ने मिट्टी के तेल डालकर तीनों को आग के हवाले कर दिया। बच्चों की चीख सुनकर आस-पास के लोग दौडे़ तो तीनों को आग में जलता देख सबकी रूह कांप गई। लोगों ने कपड़े डालकर आग बुझाई लेकिन तब तक शुभम, रीशू व नीतू गंभीर रूप से जल गए थे। नीतू की मौके पर मौत हो गई थी जबकि रीशू ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अभी शुभम अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है और परिजन रोते-बिलखते बेरहम चाचा को कोस रहे है ।
दिन में लाया था केरोसिन का तेल
पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने के लिए हैवान चाचा ने पहले ही प्लान बना लिया था। अमरनाथ ने 1 दिन पहले ही रात को दहियावां बाजार से गैलन भरकर केरोसिन का तेल खरीदा था। गांव के कुछ लोगों ने भी उसे तेल लेकर आते देखा था और टोका भी था कि इतना तेल क्या करोगे लेकिन किसी को अंदाजा तक नहीं था कि उसके दिमाग में हैवानियत भर चुकी है और वह खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला है। जिस वक्त बच्चे एक गहरी नींद में सो रहे थे, हैवान चाचा ने उनके ऊपर केरोसिन का तेल डाला और फिर आग लगा दी। आग की लपटों के साथ बच्चों की दर्दभरी चीख गूंजती रही और जब तक मदद पहुंचती बहुत देर हो गई थी ।
कुएं में छिपा था
वारदात के बाद अमरनाथ ने अपने कमरे मे ताला बंद किया और घर से कुछ दूरी पर कुएं में कूदकर छिप गया था। इधर पुलिस के पहुंचने के बाद अमरनाथ की तलाश शुरू हुई तो उसे कुएं के अंदर से पकड़ लिया गया। होलागढ़ थाना प्रभारी प्रभात सिंह के मुताबिक हत्यारा अमरनाथ गिरफ्तार है और वह बचने के लिये अजीब हरकतें भी कर रहा है। इसके सनकीपन की वजह से ही इसकी पत्नी इसे छोड़कर जा चुकी है और ग्रामीण भी उसके व्यवहार से परेशान रहते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें